Bihar Crime News: छपरा के मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में शुक्रवार को दोस्ती उस समय विवाद में बदल गई, जब एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी. गोली युवक के दाहिने पैर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया.


घायल युवक की पहचान सिवान जिले के असाव थाना क्षेत्र निवासी अजय सिंह के 21 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार सिंह के रूप में हुई है. सूरज वर्तमान में ताजपुर स्थित अपने मामा श्याम बहादुर सिंह के घर रह रहा था.


घायल सूरज ने पुलिस को दिए फर्दबयान में बताया कि फुलवरिया गांव निवासी उसका दोस्त विकास कुमार सिंह अपने घर में टाइल्स लगवा रहा था. विकास ने सूरज से एक बोरी सीमेंट घर पहुंचाने के लिए कहा था. सूरज सीमेंट लेकर विकास के घर पहुंचा. इसके बाद दोनों एक कमरे में बैठकर बातचीत कर रहे थे.


सूरज के मुताबिक, इसी दौरान विकास अचानक उठा और पिस्टल निकालकर उसके दाहिने पैर में गोली मार दी. गोली पैर को आर-पार करते हुए निकल गई. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल सूरज को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.


घटना की जानकारी मिलते ही मांझी थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय विकास नशे की हालत में था.


एसडीपीओ-2 ने भी घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ-2 राज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाते हुए गोली चलाने के कारणों की जांच शुरू कर दी है.


थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है. घायल युवक के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.