Bihar Crime News: बिहार के सारण जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां 2024 के चर्चित वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह पंकज कुमार राय की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. हत्या के विरोध में सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और शव के साथ छपरा-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंचौरा पंचायत का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार रविवार देर रात अपराधियों ने पंकज कुमार राय को निशाना बनाया और गोली मार दी. घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में घायल पंकज को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पंकज राय की हत्या की खबर जैसे ही इलाके में फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. सोमवार सुबह लोगों ने शव के साथ सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया.
ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह दिनदहाड़े एक गवाह की हत्या होना गंभीर मामला है. लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की.
सड़क जाम के कारण छपरा-पटना मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा.
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एएसपी रामपुकार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और लोगों को शांत कराने की कोशिश की.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे घटना से जुड़े सवाल किए जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि पंकज कुमार राय 2024 में हुए चर्चित वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह थे. इसी वजह से पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गवाही से जुड़ा कोई कारण तो नहीं है.