CHAPRA: महज एक घंटे की बारिश ने छपरा नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे आम लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद थाना चौक से एलआईसी कार्यालय तक और म्युनिसिपल चौक से थाना चौक तक मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर जलभराव इतना अधिक था कि वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और लोगों को घुटने तक पानी में होकर गुजरना पड़ा।
जलभराव का असर बाजारों पर भी देखने को मिला। बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं जिला पदाधिकारी (डीएम) कार्यालय परिसर और कोर्ट-कचहरी परिसर में भी पानी भर जाने से सरकारी कामकाज और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल हल्की बारिश के बाद भी शहर की यही स्थिति बन जाती है। इसके बावजूद नगर निगम जलनिकासी व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं कर पा रहा है। लोगों ने प्रशासन से नालों की नियमित सफाई, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। छपरा में एक घंटे की बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, मुख्य सड़कें और डीएम कार्यालय जलमग्न
छपरा में महज एक घंटे की बारिश से शहर की प्रमुख सड़कें, डीएम कार्यालय और कोर्ट परिसर जलमग्न हो गए। जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ और दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा।
छपरा से पवन सिंह की रिपोर्ट