Chapra Delhi Train: रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने छपरा और आनंद विहार टर्मिनस के बीच शुरू की गई नई साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के नियमित संचालन की घोषणा कर दी है। इस ट्रेन का उद्घाटन 19 जून को विशेष ट्रेन के रूप में किया गया था, जबकि इसका नियमित परिचालन 28 जून से शुरू होगा।


रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 12527 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को रात 8:50 बजे छपरा से रवाना होगी। यह ट्रेन बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुलतानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी।


वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 12528 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 4:25 बजे आनंद विहार टर्मिनस से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, सुलतानपुर, जौनपुर, शाहगंज, आजमगढ़, मऊ और बलिया होते हुए अगले दिन सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी।


नई ट्रेन के शुरू होने से सारण, बलिया, मऊ और आजमगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को सीधा और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।


रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी तथा लगेज एवं जनरेटर यान के कोच शामिल रहेंगे।


पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि नई साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के नियमित संचालन से पूर्वांचल और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा। साथ ही यात्रियों को यात्रा के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध होगा।