Bihar News: बिहार के छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के दौलतगंज मिरचइया टोला निवासी आदिल हत्याकांड में अदालत ने तीन सगे भाइयों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम रवि शंकर की अदालत ने दोषी पाए गए मैनुद्दीन, जैनुद्दीन अली अहमद और गुलाम रब्बानी उर्फ रिंकू को उम्रकैद के साथ 25-25 हजार रुपये जुर्माना भरने का आदेश दिया है। जुर्माना नहीं देने पर तीनों को तीन माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
अदालत ने तीनों आरोपियों को धारा 323/34 के तहत छह माह और धारा 341/34 के तहत एक माह की सजा भी सुनाई है। वहीं, मैनुद्दीन को धारा 354 के तहत एक वर्ष के कारावास की सजा दी गई है। अदालत ने स्पष्ट किया कि सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
मामला 11 सितंबर 2020 का है। शमीमा खातून के फर्द बयान के अनुसार, उनकी बेटी के साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई थी। इसी दौरान मां को बचाने पहुंचे बेटे आदिल के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल आदिल को इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से चिकित्सक और अनुसंधानकर्ता समेत कुल आठ गवाहों की गवाही कराई गई। अपर लोक अभियोजक रामनारायण प्रसाद ने अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में पैरवी की। अंततः अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा