CHAPRA: बिहार की वित्तीय स्थिति को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जहां विपक्ष राज्य के खजाने को खाली बता रहा है, वहीं सरकार इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हाल ही में दावा किया था कि बिहार सरकार का खजाना खाली हो चुका है और राज्य पर करीब 4 लाख 10 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों के वेतन और पेंशन तक के लिए पैसे नहीं हैं।


वहीं, बिहार सरकार की ओर से इन दावों को गलत बताया गया है। उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र यादव ने स्पष्ट कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत है और खजाना खाली नहीं है। 23 अप्रैल को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में वित्त एवं आंतरिक संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक भी हुई, जिसमें राजस्व बढ़ाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की वित्तीय स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करें।


इसी कड़ी में छपरा-सारण मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान की खास बात यह रही कि जिले के एसएसपी विनित कुमार खुद सड़क पर उतरकर वाहनों की जांच करते नजर आए। छपरा-सारण मुख्य मार्ग से गुजरने वाली गाड़ियों के कागजात की जांच की गयी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के रजिस्ट्रेशन सहित अन्य जरूरी कागजातों की जांच की गई। वहीं चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर भी सख्ती बरती गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।


सारण जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गुरुवार को व्यापक स्तर पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में सुबह और शाम सघन जांच की गई, जिससे पूरे दिन पुलिस की सक्रियता नजर आई। इसी क्रम में छपरा–सिवान मुख्य मार्ग पर पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के रजिस्ट्रेशन सहित अन्य जरूरी कागजातों की जांच की गई। वहीं चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर भी सख्ती बरती गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि यह अभियान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों और बॉर्डर इलाकों में नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।


उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हो सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम रह सके। अभियान के दौरान सारण एसएसपी विनीत कुमार, सदर एसडीपीओ राजकुमार सिंह, सदर इंस्पेक्टर कृपा शंकर, एकमा इंस्पेक्टर किरण शंकर, कोपा थाना अध्यक्ष संजीत कुमार, दाउदपुर थाना अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।

छपरा से पवन कुमार सिंह की रिपोर्ट