Bihar Crime News: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के जिगना गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नाबालिग किशोर पर अपनी ही 15 वर्षीय बहन की चाकू से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है. वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान जिगना गांव निवासी मुन्ना सिंह की 15 वर्षीय पुत्री अनन्या कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना के समय अनन्या घर के पास बैठकर बर्तन धो रही थी. इसी दौरान उसका करीब 17 वर्षीय भाई वहां पहुंचा और अचानक चाकू से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने के कारण किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही रिविलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे दो संभावित कारण सामने आ रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी किशोर नशे का आदी बताया जा रहा है और अक्सर घर में पैसों को लेकर विवाद करता था. वहीं गांव में यह चर्चा भी है कि मामला किशोरी के कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या किन परिस्थितियों में की गई, इसका पता लगाने के लिए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपी किशोर से पूछताछ के साथ-साथ परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे जिगना गांव में शोक और दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
छपरा से पवन कुमार सिंह की रिपोर्ट