SAHARSA: सहरसा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक 22 वर्षीय विवाहिता ने अपनी एक माह की मासूम पुत्री की परवाह किए फांसी से लटकर आत्महत्या कर ली। घटना के बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत के हरियो गांव वार्ड संख्या 13 की है। जहां इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। वही परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतका की पहचान नवहट्टा प्रखंड के हाटी गांव निवासी रौशन यादव की 21 वर्षीय पत्नी निधि कुमारी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतका की मां सुनीता देवी ने बताया कि उनकी पुत्री र के अंदर अपनी एक माह की बेटी के साथ सो रही थी। बहुत देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तब मां ने कमरे का दरवाजा खटखटाकर उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। अंदर का दृश्य देख मां के होश उड़ गए। 


निधि कुमारी फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फंदे से नीचे उतारा गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना मंगलवार की शाम करीब छह बजे घटी थी। लेकिन पुलिस को इसकी सूचना बुधवार की सुबह दी गई। मृतका की मां ने बताया कि घर में अकेली होने के कारण पुलिस को देर से सूचना दी गई, क्योंकि उनके पति कैलाश यादव बाहर रहते हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, सर्किल इंस्पेक्टर निवास कुमार एवं बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।


पुलिस ने शव को लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मृतका की मां सुनीता देवी ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी गत वर्ष मार्च माह में नवहट्टा प्रखंड के हाटी गांव निवासी रौशन यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद रौशन अपनी पत्नी को लेकर दिल्ली चला गया, जहां वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उन्होंने बताया कि शादी के दो माह तक सबकुछ ठीक-ठाक चला। लेकिन इसके बाद रौशन अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। 


आरोप है कि रौशन अपनी पत्नी को दिल्ली के करोल बाग में छोड़ दिया था। जिसके बाद निधि गत 20 मार्च को दिल्ली से अपने मायके हरियो गांव आ गई थी। मायके आने के बाद गत नौ अप्रैल को उसने एक पुत्री को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी होने के बाद पति द्वारा प्रताड़ना और बढ़ा दी गई थी। जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। मृतका की मां सुनीता देवी ने अपने दामाद रौशन यादव पर बार-बार पैसे मांगने का आरोप लगाया है। 


उन्होंने पुलिस को बताया कि दामाद की मांग पर कई बार रुपये भेजे गए थे। लेकिन धीरे-धीरे उसकी मांग बढ़ती गई और बाद में बाइक की मांग करने लगा। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण वे बाइक देने में असमर्थ थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक स्वजनों के तरफ से किसी प्रकार का आवेदन पुलिस को नहीं दिया गया था।


 घटना के बाबत सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश ठाकुर ने बताया कि बलवाहाट थाना को बुधवार को एक महिला की आत्महत्या कर लेने की सूचना मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही बलवाहाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मुझे भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मैं भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल किया। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य इकट्ठा कर अपने साथ ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच गंभीरता से कर रही है।