SAHARSA: खबर सहरसा से है। जहाँ सदर थाना क्षेत्र में सरेशाम गोलीबारी की घटना घटी है। दरअसल शहर के पशुपालन कॉलोनी वार्ड संख्या-12 में आपसी विवाद के दौरान एक बुजुर्ग को गोली मार दिए जाने का मामला सामने आया है। घायल की पहचान दिनेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है, जिन्हें आनन-फानन में ईलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल के परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले उत्पाद विभाग की टीम देर शाम ईलाके में छापेमारी कर गयी थी । इसके बाद एक युवक रोशन कुमार अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस को भेजकर शराब कारोबार की सूचना देने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगा। परिजनों का कहना है कि जब दिनेश प्रसाद यादव उसे समझाने और वहां से हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी आरोपी ने गोली चला दी, जो उनके हाथ में लगी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के समय आरोपी के साथ करीब 10 से 15 लोग मौजूद थे। घटना के बाद घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका ईलाज जारी है। सूचना मिलते ही सदर अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी गुंजन कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल व परिजनों से पूछताछ की।
इधर सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और पड़ताल की। सदर एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टिया मामला आपसी विवाद का है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज जाँचकर रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह छापेमारी कर रही है।