सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में जमीन विवाद के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग में घायल हुए मछली व्यवसायी मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


सलखुआ थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीआईयू (DIU) और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंसराज यादव और हंसराज यादव के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सौरबाजार थाना क्षेत्र के खैरा गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

जमीन विवाद में चली थी गोलियां

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सलखुआ थाना क्षेत्र के गौसपुर चौक के समीप दो बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाश पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गोलीबारी जमीन विवाद को लेकर की गई थी।

बताया जा रहा है कि गौसपुर निवासी रामसोगारथ यादव और खैरा निवासी अशोक यादव के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। गुरुवार को विवादित जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसे रोकने के उद्देश्य से आरोपी हथियार लेकर पहुंचे और फायरिंग कर दी।

राह चलते मछली व्यवसायी को लगी गोली

इस दौरान वहां से गुजर रहे बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के आजाद नगर गंज (वार्ड संख्या-20) निवासी कामों सिंह के 26 वर्षीय पुत्र राजा कुमार, जो पेशे से मछली व्यवसायी हैं, गोलीबारी की चपेट में आ गए। गोली उनकी गर्दन में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल राजा कुमार को पहले स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सहरसा रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

9 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

इस मामले में रामसोगारथ यादव ने सलखुआ थाने में लिखित आवेदन देकर 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना में प्रयुक्त हथियारों की भी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।