Bihar News: सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के हरेवा पंचायत की पूर्व मुखिया उम्मे कुलसूम के पति एवं प्रसिद्ध सामाजिक व्यक्ति जावेद इकबाल उर्फ गुड्डू मुखिया की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर जन सुराज पार्टी के महासचिव सह पूर्व विधायक किशोर कुमार ने गहरी चिंता और नाराजगी जताई है। शनिवार को जिला अध्यक्ष अमृतराज के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने हरेवा स्थित दिवंगत गुड्डू मुखिया के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। पार्टी के प्रदेश महासचिव नवलकिशोर सिंह ने पीड़ित परिवार से सवाद संचालन किया।




इस दौरान पार्टी के नेता किशोर कुमार ने मृतक के भाइयों पत्रकार शाहिद इकबाल, आवेद इकबाल और साजिद इकबाल सहित परिवार के अन्य सदस्यों एवं उनके दोनों बेटों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि गुड्डू मुखिया की हत्या पूरे सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के लिए बेहद दुखद घटना है। एक सामाजिक व्यक्ति की इस तरह हत्या होना और घटना के पांच दिन बाद भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।




किशोर कुमार ने कहा कि मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में सात लोगों को नामजद किया गया है, लेकिन अब तक केवल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। शेष पांच आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बिहार के कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं से भी बातचीत कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।




उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच हो तथा दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिले। किसी भी राजनीतिक दबाव या लेन-देन के कारण आरोपियों को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। ऐसा होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा और समाज में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर होगा।




किशोर कुमार ने क्षेत्र में युवाओं के बीच बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपराध की राह पर जाने से रोकने के लिए परिवार, समाज और प्रशासन को मिलकर गंभीर प्रयास करने होंगे।




उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिले। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं करती है तो लोगों की नाराजगी और बढ़ेगी। गुड्डू मुखिया के परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।




पार्टी के प्रदेश महासचिव नवल किशोर सिंह  ने कहा की पुलिस प्रशासन ने अभी तक गुड्डू मुखिया के हत्यारा को गिरफ्तार नहीं किया है यह प्रशासन का घोर लापरवाही है।आज भी पुलिस कुछ समय मांगा  समय दिया जाय फिर भी इस हत्या के अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं होगी तो लोग चुप नहीं रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल में महिला नेत्री प्रियंका झा, लक्ष्मी शर्मा, शाहनवाज बदर कासमी, इंद्रदेव यादव, युवा अध्यक्ष मंटू यादव, अजय यादव, मो शमशाद, अभय सिंह उपस्थित थे।