Bihar Police News: बिहार के सहरसा में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष अचानक सदर थाना पहुंच गए। डीआईजी ने थाना का औचक निरीक्षण किया और इस दौरान मिली लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) और एक चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


निरीक्षण के दौरान सदर थाना में पदस्थापित एएसआई अशोक कुमार आजाद और चौकीदार मो. अली खान थाना परिसर में सादे लिबास में घूमते हुए पाए गए। इस संबंध में पूछताछ करने पर दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद डीआईजी ने कर्तव्य में लापरवाही मानते हुए दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।


डीआईजी ने थाना की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी पूरी वर्दी में ड्यूटी पर रहें और थाने आने वाले आम लोगों व फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करें।


उन्होंने निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका तत्काल समाधान किया जाए और थाना की व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। निरीक्षण के बाद डीआईजी ने सहरसा शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी और सदर थानाध्यक्ष के साथ बैठक की।


बैठक में शहर के प्रमुख यातायात स्थलों जैसे कचहरी ढाला, सुपर मार्केट बस स्टैंड, थाना चौक, शंकर चौक, चांदनी चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, गांधी पथ, गंगजला चौक, प्रशांत मोड़, शिवपुरी ढाला, पूरब बाजार, तिवारी चौक, यादव चौक, कोसी चौक, पंचवटी चौक और नया बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।



डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। साथ ही यातायात व्यवस्था में आने वाली कमियों को दूर करने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया।


डीआईजी ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।