PATNA: दीपावली से पहले सहरसा के मुख्य बाजार डीबी रोड में पटाखों की दुकानों और गोदामों पर पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया है। सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान और भारी संख्या में पुलिस बल ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि डीबी रोड में कई वर्षों से पटाखों की दुकानें और गोदाम संचालित हो रहे हैं। ऐसे में घनी आबादी वाले मुख्य बाजार में पटाखों का कारोबार किसकी निगरानी में चल रहा था, यह बड़ा सवाल है।
मुख्य बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में पटाखों का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। अगर इन दुकानों या गोदामों में आग लगती है, तो जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
दीपावली को देखते हुए पुलिस की इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब यह देखना होगा कि छापेमारी में बरामद पटाखों के मामले में पुलिस क्या कानूनी कार्रवाई करती है और कारोबार से जुड़े लोगों के पास जरूरी लाइसेंस व सुरक्षा संबंधी अनुमति थी या नहीं।