SAHARSA: खबर सहरसा से है। जहाँ जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत महिषी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 251.640 लीटर विदेशी शराब बरामद की है और मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक, सहरसा विक्रम सिहाग के निर्देशानुसार जिले में शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिषी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बनगांव भारत माला रोड से महिषी गांव की ओर एक सफेद रंग की एक वाहन से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।
घेराबंदी कर तस्कर को दबोचा
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए महिषी थाना पुलिस एवं तकनीकी टीम ने महिषी विश्वकर्मा चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। हालांकि, पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान नन्दलाल पाण्डेय (पिता- स्वर्गीय ठाकुर पाण्डेय), साकिन- सिमरीया, थाना- चकाई, जिला- जमुई के रूप में हुई है।
बरामदगी एवं कानूनी कार्रवाई
वाहन (मारुति सुजुकी कार) की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें से कुल 251.640 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में महिषी थाना कांड संख्या 230/2026 दर्जकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई दल में शामिल पुलिसकर्मी
छापेमारी अभियान में महिषी थाना के पु०नि०-सह-थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती, परि०पु०अ०नि० राकेश कुमार शर्मा एवं महिषी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।