Bihar School News: सहरसा के महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। 


सभी बीमार बच्चों को तुरंत इलाज के लिए महिषी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से भीड़ जमा हो गई, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार जांच और उपचार में जुटी है।


पांचवीं के छात्र रोहित कुमार ने बताया कि उन्होंने सुबह करीब 10 बजे स्कूल में चावल-दाल का भोजन किया था। खाना खाने के कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत खराब होने लगी, जिसमें पेट में तेज दर्द, उल्टी और चक्कर शामिल थे। सातवीं कक्षा की छात्रा शिवानी ने भी बताया कि भोजन के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। 


घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ महिषी पहुंचकर बच्चों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है। इस घटना के बाद अभिभावकों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। 


प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मिड-डे मील के भोजन के नमूने भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। सहरसा सिविल सर्जन डॉक्टर राजनारायण प्रसाद ने कहां की फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हुई है सभी को ट्रीटमेंट किया जा रहा है। जिन बच्चों की थोड़ी तबीयत ज्यादा खराब है उन बच्चों को सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल सभी बच्चों का उपचार किया जा रहा है और सभी खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं।