Bihar Road Accident: बिहार के सहरसा में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. यह घटना सदर थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में 34 वर्षीय अमन कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है.


मृतक की पहचान नगर निगम वार्ड संख्या-40 के सराही निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अमन पिछले कुछ महीनों से दूध का कारोबार कर रहा था. घटना वाले दिन वह किसी से बकाया राशि लेने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान पंचवटी चौक के पास तेज रफ्तार वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.


हादसे के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमन करीब आधे घंटे तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन कई लोग मदद करने के बजाय उसका वीडियो बनाने में लगे रहे. परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल पर पुलिस की गाड़ी भी मौजूद थी, फिर भी घायल को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया. बाद में कुछ स्थानीय लोग उसे निजी क्लिनिक लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद अमन को मृत घोषित कर दिया.


हादसे में घायल दूसरे युवक का भी शुरुआत में कोई पता नहीं चल पाया था. बाद में जानकारी मिली कि उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उसका इलाज जारी है. पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि हादसे की पूरी जानकारी मिल सके.


मृतक के परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. लोगों ने पंचवटी चौक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन की पहचान करने की भी मांग की है.


सदर अस्पताल पिकेट प्रभारी गुंजन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. हादसे में इस्तेमाल हुई स्कूटी को थाना लाया गया है. घायल युवक के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सहरसा से  रितेश की रिपोर्ट