SAHARSA: बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार जारी है। इसी बीच सहरसा पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 187.125 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के लगमा गांव में की गई। पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान रात्रि गश्ती के समय सोनवर्षा राज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लगमा गांव निवासी रजनीश झा अपने ईंट डिपो के पीछे स्थित बगीचे में शराब की खेप छिपाकर रखे हुए है।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ निशिकांत भारती के नेतृत्व में थानाध्यक्ष नागमणि कुमार और सशस्त्र बल की टीम ने ईंट डिपो की घेराबंदी कर छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रजनीश झा, पिता उर्मिलेश झा उर्फ हनी झा, निवासी लगमा गांव, वार्ड नंबर 11 के रूप में हुई।
इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर ईंट डिपो के आसपास स्थित बांसबाड़ी में तलाशी ली गई। वहां छिपाकर रखे गए कार्टूनों से कुल 187.125 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में सोनवर्षा राज थाना में कांड संख्या 223/26 दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।