SAHARSA: सहरसा के महिषी में बुधवार को मैना ग्राम की मिट्टी एक बार फिर अपने लाल के नाम पर गर्व से महक उठी। शिक्षा, सेवा और संस्कार के प्रतीक स्वर्गीय परमानंद सिंह जी (1941-2017) की प्रतिमा का अनावरण समारोह बड़े ही श्रद्धा, सम्मान और भावुकता के साथ संपन्न हुआ।


समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपेंद्र कुशवाहा (सांसद), दिनेश चंद्र यादव (सांसद), नीरज कुमार बबलू (विधायक), संजय सिंह (विधायक), राम विलास कामत (विधायक सह सचेतक) उपस्थित रहे।


समारोह का स्वागत भाषण उनके पुत्र प्राणेश कुमार, क्षेत्र महाप्रबंधक, इंडियन बैंक, मुंबई ने दिया। अपने पिता को याद करते हुए उनकी वाणी में गर्व भी था और आँखों में नमी भी। उन्होंने कहा कि पिताजी ने हमें सिर्फ पढ़ना नहीं सिखाया, बल्कि जीना भी सिखाया।


पुष्पांजलि के बाद जब मुख्य अतिथियों ने प्रतिमा से पर्दा हटाया, तो पूरा पंडाल “परमानंद सिंह जी अमर रहें” के नारों से गूँज उठा। कई बुजुर्गों की आँखें भर आईं, कई पुराने शिष्यों ने अपने गुरु को नमन किया।


परमानंद सिंह जी का जन्म ग्राम मैना में पिता स्व. राम उद्गार सिंह और माता स्व. गया देवी के आँगन में हुआ। बड़े भ्राता अनंत प्रसाद सिंह ने उन्हें जीवन के प्रारंभिक संस्कार और मूल्यों की शिक्षा दी — वही संस्कार जो आगे चलकर उनकी पहचान बने।


उन्होंने शिक्षक जीवन मध्य विद्यालय मैना से प्रारंभ किया। मध्य विद्यालय पस्तवार, मरौना, बघ्वा, सिमरा में सेवा देते हुए वे गाँव-गाँव शिक्षा का दिया जलाते रहे और अंत में कन्या मध्य विद्यालय से प्रधानाध्यापक के पद से वर्ष 2001 में सेवा निवृत्त हुए।


समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनके लिए शिक्षक होना नौकरी नहीं, साधना थी। वे कहते थे कि बच्चा पढ़ेगा, तभी गाँव आगे बढ़ेगा। वक्ताओं ने उनके नाम पर स्कूल खोलने का सुझाव भी दिया और इस दिशा में सरकारी स्तर पर सहयोग का आश्वासन भी दिया।


सांसद ने हर घर में शिक्षा का दिया जलाने की सार्थक अपील की ताकि परमानंद सिंह जी का सपना हर आँगन तक पहुँचे। इस अवसर पर आपदा प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने भी सम विचार रखे । समारोह में नवल किशोर सिंह , अमृतराज , शमीम अख्तर , ओमप्रकाश नारायण , चंदन बागची , अंगद कुशवाहा , प्रियंका झा , नुनू मणि सिंह , रेवती रमन सिंह , विनय यादव , अर्जुन चौधरी , उमेश दहलान , अजय कुमार सिंह , सियाराम सिंह , रजनीश रंजन , त्रिभुवन सिंह , अभिजीत आनंद , अमित सिंह , प्रो नवनीत सिंह , अजय कुमार सिंह बबलू , अरबिंद सिंह , डॉ जयंत आशीष , पवन केडिया , मोहन सिंह की मौजूदगी भी थी ।


इस अवसर पर उनके पुत्र एवं भतीजे  राजेश कुमार सिंह - बेसिक शिक्षा अधिकारी, नवीन कुमार सिंह (IAS)निदेशक, पंचायती राज, मुकेश कुमार- अंचल प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, हैदराबाद, प्राणेश कुमार - क्षेत्र महाप्रबंधक, इंडियन बैंक, मुंबई, प्रवीण, ब्रजेश, अमित और प्राची, अनुष्का, पार्थ, हर्ष, राज भी मौजूद थे। पूरा परिवार एक साथ अपने पूर्वज को नमन कर रहा था। अंत में किशोर कुमार मुन्ना (पूर्व विधायक) ने धन्यवाद ज्ञापन किया और सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं आयोजकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।


समारोह का समापन इस संकल्प के साथ हुआ —“शिक्षा, सेवा, संस्कार और प्रेम की विरासत हमेशा जीवित रहे।”