Bihar Crime News: बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामला बलवाहाट थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत मदनपुर गांव का है। शुक्रवार को गांव के वार्ड संख्या-दो स्थित एक घर से 27 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान मु. जफर की पत्नी रौनक खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर और बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया है।
मृतका के पिता मु. जाकिर, जो धकजरी गांव के रहने वाले हैं, उन्होंने अपनी बेटी की हत्या का आरोप पति और ससुराल वालों पर लगाया है। उनका कहना है कि रौनक खातून को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद मु. जफर का किसी दूसरी महिला से संबंध था, जिसका उनकी बेटी लगातार विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।
परिजनों के मुताबिक मु. जफर राजस्थान में रहकर मजदूरी करता था। वहीं रहने के दौरान उसका किसी अन्य महिला से संबंध हो गया था। जब इस बात की जानकारी रौनक खातून को हुई तो वह इसका विरोध करने लगी। आरोप है कि इसी वजह से पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी भी देता था।
मृतका के पिता ने बताया कि मु. जफर 22 मई को राजस्थान से गांव लौटा था। उसके आने के बाद से घर में तनाव का माहौल बना हुआ था। गुरुवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है। जब तक वे वहां पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने दावा किया कि घर में खून के निशान मौजूद थे और घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि रौनक खातून की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। शादी के बाद उसे दो बेटियां हुईं। बड़ी बेटी रौशन खातून करीब चार साल की है, जबकि छोटी बेटी रेशमी खातून अभी एक साल की है। पारिवारिक विवाद की वजह से रौनक पिछले करीब छह महीने से अपने मायके में रह रही थी। 11 मई को ही वह दोबारा ससुराल लौटी थी। इसके कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की खबर सामने आ गई।
थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीपीओ मुकेश ठाकुर ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।