SAHARSA: खबर सहरसा से है, जहां जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चकला मुशहरी, वार्ड संख्या 11 में बुधवार को खेलते समय तीन मासूम बच्चे शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय एक बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड-11 निवासी कुंदन सादा की पुत्री स्वीटी कुमारी (4 वर्ष), लुशो सादा का पुत्र गौतम कुमार (5 वर्ष) और भारत सादा का पुत्र विशाल कुमार (6 वर्ष) घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते तीनों बच्चे पास में ही बने एक सेप्टिक टैंक के जर्जर ढक्कन पर चढ़ गए। ढक्कन कमजोर होने के कारण अचानक टूट गया और तीनों मासूम गहरे टैंक के अंदर समा गए। बच्चों को गिरते देख आसपास के लोग शोर मचाते हुए मौके पर दौड़े।
ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और गौतम व विशाल को समय रहते बाहर निकाल लिया। दोनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। हालांकि, मासूम स्वीटी कुमारी ढक्कन के मलबे के नीचे दबकर टैंक की गहराई में फंस गई थी। घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद टैंक को तोड़कर स्वीटी को बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, सेप्टिक टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण बच्ची का दम घुट गया था, जिससे उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है।