SAHARSA:पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में अब लड़कियां शराब की तस्करी करते पकड़ी जा रही है। जिससे इस कानून को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। दो दिन पहले समस्तीपुर जिले में ट्रेन के एसी फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रही मॉडल जैसी दिखने वाली नेहा झा के सूटकेस से 75 लीटर ब्रांडेड शराब की बोतलें बरामद की गयी। नेहा झा के साथ उसके जीजा इशान भी साथ ट्रेन में यात्रा कर रहे थे, दोनों को शराब तस्करी के जुर्म में गिरफ्तार किया गया।
अब सोशल मीडिया पर नेहा झा को लेकर बनाये गये रील खूब वायरल हो रहा है। अभी नेहा झा की गिरफ्तारी के दो दिन ही हुए थे कि सहरसा में एक महिला शराब तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सहरसा जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक स्कूटी सवार युवती को 25 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब बरामद करने के साथ ही स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष विजय कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अरार की ओर से एक महिला स्कूटी से शराब लेकर पस्तपार के रास्ते भर्राही, मधेपुरा जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुअनि राहुल कुमार पुलिस बल के साथ पस्तपार थाना के सामने वाहन जांच अभियान चलाने लगे।
इसी दौरान अरार की ओर से आ रही एक स्कूटी को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी की सीट के नीचे बनी डिक्की से सफेद प्लास्टिक में बंधी 10 पोटलियां बरामद हुईं। प्रत्येक पोटली में 2.5 लीटर देसी चुलाई शराब थी। पुलिस के अनुसार, सभी पोटलियों से कुल 25 लीटर शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही स्कूटी सवार युवती को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के परमानंदपुर वार्ड संख्या-10 निवासी अरुण साह की 20 वर्षीय पुत्री गूंजा कुमारी के रूप में बताई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवती के खिलाफ अवैध शराब तस्करी के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।