SAHARSA: सहरसा के गंगजला स्थित वार्ड नंबर 31 में भीषण अगलगी की घटना हुई। एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से घर के एक कमरे में रखा फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। 


पीड़ित परिवार के मुताबिक, इस घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, सूचना मिलने के महज 15 मिनट के अंदर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के मकानों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।


अगलगी की घटना शहर के गंगजला स्थित पुराने बस स्टैंड के पीछे की है। वार्ड नंबर 31 की निवासी सुनैना देवी ने बताया कि मंगलवार को वह घर के दूसरे कमरे में घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक कमरे से धुआं निकलने लगा। जब तक वह कुछ समझ पातीं, आग ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।


सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय पर टीम के पहुंचने से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया।


घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड नंबर 31 के पार्षद आशीष रंजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने भी प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। फिलहाल, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।