SAHARSA: सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के सिहौल हाई स्कूल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के सिहौल वार्ड नंबर-9 निवासी 45 वर्षीय गोपाल पोद्दार के रूप में हुई है। वह महिषी प्रखंड के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार नवहट्टा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-8 निवासी 28 वर्षीय मनोज राय और 25 वर्षीय मनीष सागर घायल हुए हैं। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं।
प्रत्यक्षदर्शी और सिहौल पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ। दोनों बाइक काफी तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण आमने-सामने टक्कर हो गई और तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शिक्षक हीरो स्प्लेंडर बाइक से थे, जबकि दूसरी बाइक पल्सर थी।
वहीं, डॉक्टर संतोष कुमार ने बताया कि तीनों घायलों की स्थिति गंभीर है। सदर अस्पताल में उनका इलाज किया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
सहरसा के बिहरा थाना क्षेत्र स्थित सिहौल हाई स्कूल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में सरकारी शिक्षक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर कर दिया गया।