SAHARSA: जन सुराज के नेता किशोर कुमार ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के पैतृक गांव धमसैना पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर दुख जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में हम इस परिवार के साथ हैं। 


बता दें कि पेशे से शिक्षक आनंद रौशन के छोटे भाई प्रिंस यादव की कुछ दिन पहले नेपाल के विराट नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। हालांकि परिजन इसे हत्या का मामला बताते हुए इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की। परिजनों ने खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर खान सर पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। 


इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। प्रिंस आनंद के निधन की दुखद घटना को लेकर आज उनके पैतृक गांव धमसैना पहुंचे जन सुराज के नेता किशोर कुमार ने परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। किशोर कुमार ने बताया कि बातचीत के दौरान परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जो बेहद गंभीर और पीड़ादायक विषय है। एक परिवार ने अपना बेटा खोया है और उन्हें सच्चाई एवं न्याय मिलना उनका अधिकार है। हम दुख की घड़ी में इस परिवार के साथ हैं। 


किशोर कुमार ने कहा कि जन सुराज हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। हम इस मामले में निष्पक्ष जांच, आवश्यक होने पर न्यायिक जांच या सीबीआई जांच की मांग को लेकर हरसंभव प्रयास करेंगे, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही कोचिंग से जुड़े विवादों सहित हर उस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जहां छात्रों और परिवारों के अधिकारों का सवाल हो। न्याय और जवाबदेही ही हमारी प्राथमिकता है।