Bihar News: बिहार के सासाराम से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां रोजी-रोटी कमाने निकला एक मजदूर काम के दौरान ही मौत का शिकार हो गया। नगर थाना क्षेत्र के तकिया मोहल्ले में टेंट लगाने के दौरान करंट लगने से एक युवक की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान आदिल खान के रूप में हुई है, जो सासाराम के शेरगंज मोहल्ले का रहने वाला था। वह पेशे से टेंट हाउस में काम करता था और रोज की तरह आज भी अपने काम में जुटा हुआ था। जानकारी के अनुसार, तकिया बाजार में एक कार्यक्रम के लिए टेंट-शामियाना लगाया जा रहा था, उसी दौरान यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि आदिल टेंट के खंभे पर चढ़कर काम कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बिजली के नंगे तार की चपेट में वह आ गया। करंट इतना तेज था कि वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और साथी मजदूर इस हादसे से सदमे में आ गए। आनन-फानन में आदिल को सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।