ROHTAS: रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के पिपरी गांव के पास नहर किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र करीब 50 से 52 वर्ष बताई जा रही है। शव के पास से चूहा मारने वाला जहर भी बरामद हुआ है।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की होगी। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि महिला का शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण गल चुका है। नहर किनारे से महिला की चप्पल और चश्मा भी बरामद हुआ है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
शव की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद नटवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के गांवों में शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि मृत महिला के बारे में कोई जानकारी मिल सके।
इस मामले में बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता महिला की पहचान करना है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।