Bihar Road Accident: रोहतास जिले के सासाराम में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां महिला पुलिस जवानों को ले जा रही बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में 9 महिला पुलिसकर्मी समेत कुल 10 जवान घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए नोखा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां दो महिला जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है.


यह घटना संझौली थाना क्षेत्र के सुसारी गांव के पास हुई. जानकारी के अनुसार, बेगूसराय महिला बटालियन की पुलिस टीम बस से बिक्रमगंज की ओर जा रही थी. इसी दौरान सासाराम–बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आकर बस में टक्कर मार दी.


टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे महिला जवानों को गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.


घटना में कुल 9 महिला पुलिसकर्मी घायल हुई हैं, जबकि एक पुरुष जवान को भी चोट लगी है. सभी घायलों का इलाज नोखा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, दो महिला जवानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है.


बताया जा रहा है कि यह पूरी टीम मोहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रोहतास भेजी गई थी. सभी जवान बेगूसराय पुलिस बल से संबंधित हैं और ड्यूटी के लिए बस से रवाना हुए थे.


घटना की पुष्टि रोहतास के एसएसपी रोशन कुमार ने की है. उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.


हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया.