सासाराम : बिहार के सासाराम से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के दलेलगंज में पारिवारिक विवाद के बाद बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रोहित पटवा के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपी बड़े भाई रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


बताया जा रहा है कि दलेलगंज में रहने वाले रोहित पटवा और उसके बड़े भाई रवि पटवा के बीच शनिवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रवि पटवा ने घर में सब्जी काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले हसुआ/फसुल से छोटे भाई रोहित पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच पहले से भी अक्सर विवाद होता रहता था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों भाई नशे की हालत में कई बार आपस में मारपीट भी करते थे। हालांकि शनिवार रात हुए विवाद की असली वजह क्या थी, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


घटना के बाद आरोपी रवि पटवा ने कथित तौर पर पुलिस को सूचना दिए जाने से पहले शव के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी। वह सुबह बाजार से कफन समेत अंतिम संस्कार का सामान खरीदकर भी ले आया था। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी रवि पटवा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक जांच टीम भी पहुंची और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच शुरू कर दी है।


बताया जाता है कि पटवा परिवार के लोग सासाराम के गोला बाजार में जितिया पर्व के दौरान माला, कलावा, बद्दी समेत पूजा-पाठ से जुड़ी अन्य सामग्री बेचने का काम करते हैं। परिवार में जितिया पर्व को लेकर तैयारियां भी चल रही थीं। मृतक की मां ने भी एक दिन पहले जितिया का व्रत किया था। ऐसे में परिवार में पर्व का माहौल था, लेकिन रात में दोनों भाइयों के बीच हुए विवाद ने पूरे परिवार को मातम में बदल दिया।


सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस भाई के साथ दिन-रात का रिश्ता था, उसी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली गई। सुबह तक घर में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हो चुकी थी। हालांकि पुलिस के समय पर पहुंचने से शव को आनन-फानन में ठिकाने लगाने की कोशिश नाकाम हो गई।


फिलहाल पुलिस आरोपी रवि पटवा से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों भाइयों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद रवि ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।