Bihar Police: बिहार के रोहतास जिले में पुलिस को चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। रोहतास पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुई चर्चित चेन लूटकांड के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बक्सर जिले के धनसोई निवासी श्याम कुमार उर्फ लड्डू यादव के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, 5 मई को धौडाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-19 स्थित धनकाड़ा मोड़ के पास बाइक सवार अपराधियों ने एक व्यक्ति को हथियार के बल पर निशाना बनाया था। अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी थी।
इस कांड के खुलासे के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही गिरोह से जुड़े कई अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य सरगना श्याम कुमार उर्फ लड्डू यादव लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
लगातार तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर SIT ने बक्सर जिले में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, लड्डू यादव गिरोह का सक्रिय सदस्य ही नहीं बल्कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक था, जो अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न जिलों में चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी खासकर राष्ट्रीय राजमार्गों और सुनसान रास्तों पर बाइक सवार लोगों को निशाना बनाता था। गिरोह के सदस्य पहले रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
मामले की जानकारी देते हुए रोहतास सदर एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि चेन लूटकांड के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है, जिसके लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। आशंका है कि वह रोहतास, बक्सर और आसपास के अन्य जिलों में हुई कई चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं में भी शामिल रहा हो सकता है। पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
(सासाराम से रंजन कुमार की रिपोर्ट)