Bihar Road Accident: सासाराम में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग के 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा धौडॉढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रात करीब दो बजे हुआ. बताया जा रहा है कि तीनों छात्र एक दोस्त के यहां आयोजित पार्टी में शामिल होने के बाद कार से लौट रहे थे.
मृतक की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के भद्रशिला गांव निवासी गौरी शंकर प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. अभिषेक शेरशाह नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था.
परिजनों के अनुसार, अभिषेक शनिवार शाम दोस्त के यहां पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था. बाद में उसने फोन कर बताया था कि रात में घर लौटने में देर हो सकती है. इसी बीच देर रात धौडॉढ़ थाना पुलिस ने परिवार को सड़क हादसे की सूचना दी.
पुलिस के अनुसार, रात करीब दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में अभिषेक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है.
अभिषेक की बहन आकांक्षा ने बताया कि भाई शाम को पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था. बाद में उसने रात में घर लौटने में देरी होने की जानकारी दी थी. इसके बाद पुलिस से हादसे में उसकी मौत की खबर मिली.
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है.