ROHTAS: रोहतास के डेहरी में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। डेहरी एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में गठित धावा दल ने पाली रोड स्थित कई क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों में ताबड़तोड़ जांच की।


कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई संचालक अपने क्लीनिक और अल्ट्रासाउंड सेंटर छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान धावा दल ने पाली रोड स्थित मां शारदा हेल्थ केयर नामक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया।


इसके अलावा रॉयल अल्ट्रासाउंड और न्यू आदित्य अल्ट्रासाउंड सेंटर की भी जांच की गई। जांच के दौरान दोनों केंद्रों में कई खामियां पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को तय समय सीमा के भीतर आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।


बिना विशेषज्ञ के सेंटर संचालन की सूचना

एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ लोग अवैध रूप से या अनुज्ञप्ति की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद अपने प्रतिष्ठानों का संचालन कर रहे हैं। इसके अलावा कई केंद्रों का संचालन तकनीकी विशेषज्ञ के बिना किए जाने की भी जानकारी सामने आई थी।


प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।