SASARAM: रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत बड्डी गांव में मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। मुख्यमंत्री भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप की आगामी शादी के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं देने उनके पैतृक गांव पहुंचे थे।


मुख्यमंत्री के आगमन पर भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप स्वयं हेलीपैड पहुंचकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों से मुलाकात कर आकाश दीप को वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। बता दें कि आकाश दीप के विवाह समारोह को लेकर उनके गांव में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को तिलक समारोह आयोजित होगा, जबकि 24 जून को उनकी शादी संपन्न होगी।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर आकाश दीप की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने से स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। बता दें कि आकाश दीप भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाज हैं और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने देशभर में पहचान बनाई है। उनकी शादी को लेकर गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


बता दें कि भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाश दीप मुख्य रूप से दाएं हाथ के तेज गेंदबाज और निचले क्रम के बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं। बिहार के रोहतास (सासाराम) जिले के रहने वाले आकाश दीप घरेलू क्रिकेट में बंगाल की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। भारतीय टेस्ट टीम में अपनी धारदार गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले आकाश दीप अपनी गति और शानदार सीम मूवमेंट के लिए जाने जाते हैं। 


आकाश दीप ने 23 फरवरी 2024 को इंग्लैंड के खिलाफ रांची टेस्ट में भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अपने पहले ही मैच में उन्होंने इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को झकझोर कर रख दिया था। 2025 के इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने शानदार खेला। इंग्लैंड की धरती पर 10 विकेट लेने वाले चुनिंदा भारतीय तेज गेंदबाजों में शामिल हुए। वही 2026 आईपीएल की नीलामी में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)ने अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, कमर की चोट के कारण वे आईपीएल 2026 के पूरे सीजन से बाहर हो गए।