Bihar Road Accident: सासाराम में विश्वकर्मा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ. अमझौर थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव के पास एनएच-119 पर एक बेकाबू डंपर ने प्रतिमा लेकर जा रहे ट्रैक्टर में टक्कर मार दी. हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने टक्कर मारने वाले डंपर में आग लगा दी. आग बुझाने पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें दो सिपाही घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, रामडिहरा गांव में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर प्रतिमा स्थापित की गई थी. शुक्रवार शाम ग्रामीण ट्रैक्टर पर प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए सोनभद्र नदी की ओर जा रहे थे. ट्रैक्टर पर कई लोग सवार थे, जबकि कुछ लोग उसके पीछे पैदल चल रहे थे.
इसी दौरान एनएच-119 पर तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए.
घटना के बाद डंपर को लोगों ने घेर लिया. इसी दौरान डंपर का चालक और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. जुलूस में शामिल लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया.
दो लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. आक्रोशित लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे डंपर में आग लगा दी. देखते ही देखते डंपर धू-धूकर जलने लगा.
पुलिस आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन इसी दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. पथराव में दो सिपाही घायल हो गए. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने रात में स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
शनिवार को भी हादसे के विरोध में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए. लोगों ने मृतकों के शवों को रोहतास-डेहरी मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया. इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई.
सूचना मिलने के बाद एसडीएम निलेश कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है. प्रशासन की ओर से लोगों को समझाकर सड़क से जाम हटाने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है.