Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में मानव तस्करी से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है.पिपरा कोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो गरीब और असहाय महिलाओं को शादी का झांसा देकर अन्य राज्यों में बेचने की साजिश रच रहा था.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के पांच सदस्यों को एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है.


जानकारी के अनुसार यह गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर और अकेली महिलाओं को अपना निशाना बनाता था.आरोपी पहले महिलाओं से नजदीकी बढ़ाते थे और फिर उन्हें शादी का सपना दिखाकर अपने जाल में फंसा लेते थे.इसके बाद उन्हें विश्वास में लेकर राजस्थान और अन्य राज्यों में ले जाने की योजना बनाई जाती थी, जहां उनके साथ मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया जाता था.


मामले का खुलासा तब हुआ जब गिरोह की ही एक महिला सदस्य संजू देवी को नशीला पदार्थ पिलाकर और 10 हजार रुपये का लालच देकर राजस्थान ले जाने की कोशिश की जा रही थी.इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ.


सूचना मिलते ही पिपरा कोठी थानाध्यक्ष बृजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की.पुलिस ने इलाके के एक होटल में छापेमारी कर पांचों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया.छापेमारी के दौरान मौके से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.


गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता पांडे, नीतू कुमारी, खातून, मुरली मेघवाल और अजय कुमार के नाम सामने आए हैं.प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे महिलाओं को शादी का झांसा देकर राजस्थान ले जाते थे और आगे उन्हें गलत कामों में धकेलने की योजना थी.


इधर पीड़िता संजू देवी ने पुलिस को बताया कि वह एक गरीब महिला है और उसके पति की सड़क हादसे में पहले ही मौत हो चुकी है.उसके दो छोटे बच्चे हैं.इसी मजबूरी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे फंसाया और अपने साथ ले जाने की कोशिश की.


पीड़िता की मां हीरामती देवी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर राहत की सांस ली है.उन्होंने कहा कि अगर समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो उनकी बेटी की जिंदगी बर्बाद हो सकती थी.


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला किसी बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है.आशंका है कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में सक्रिय है और अब तक कई महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है.इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर गहन जांच कर रही है.