Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण के सुगौली रेलवे स्टेशन का समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, निर्माणाधीन स्टेशन भवन, पेयजल व्यवस्था और सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी निर्देश दिए।
डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने छठ के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों तक रेल पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके अलावा स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त रखने और जलजमाव की समस्या को जल्द दूर करने को कहा। उन्होंने पेयजल सहित यात्रियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। वहीं, निर्माणाधीन स्टेशन भवन का काम जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।