Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने 131 फरार और कुख्यात अपराधियों पर इनाम घोषित किया है।
जारी सूची में स्प्रिट तस्करी, अवैध शराब कारोबार, भू-माफियागिरी, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, लूट-डकैती समेत कई संगीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को शामिल किया गया है। इन अपराधियों पर 3 हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक का इनाम रखा गया है।
एसपी कार्यालय से सूची जारी होते ही अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फरार अपराधियों के पास अब दो ही विकल्प हैं—या तो सरेंडर करें या फिर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई का सामना करें।
सूची में 43 स्प्रिट तस्कर, 34 लूट-डकैती के आरोपी, 16 आर्म्स एक्ट के अभियुक्त, एटीएम कटिंग गिरोह के सदस्य तथा जहरीली शराब कांड से जुड़े अपराधी भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी