Road Accident: नेपाल के कास्की जिले में पोखरा के पास शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया. भारतीय नंबर प्लेट वाली एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे फेवा झील में जा गिरी. हादसे में रक्सौल के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हुए हैं. हादसे के बाद नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान चलाया.


पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4:50 बजे पोखरा महानगरपालिका-18 के गैरीचौतारा घुम्ती के पास हुआ. भारतीय नंबर प्लेट BR 05 BB 6759 वाली कार में सवार युवक लेकसाइड की ओर जा रहे थे. इसी दौरान चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क से नीचे फेवा झील में जा गिरा.


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कार्यालय बैदाम से डीएसपी सूर्य बहादुर बोगटी के नेतृत्व में 15 पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची. इसके अलावा सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के नंबर-24 हेडक्वार्टर कालिका गण, कास्की से 13 जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों टीमों ने मिलकर झील में राहत और बचाव अभियान शुरू किया.


बचाव अभियान के दौरान कार में सवार रक्सौल निवासी 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सुरज यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार दोनों की हालत मध्यम है और वे बातचीत करने की स्थिति में हैं.


बचाव अभियान के दौरान सुबह करीब 5:55 बजे झील के पानी से दो युवकों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया. दोनों को पोखरा स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान के पश्चिमांचल क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुबह करीब 6:21 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया.


मृतकों की पहचान रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव और करीब 26 वर्षीय प्रियांशु पांडेय के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद रक्सौल में भी मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है.


बचाव अभियान के दौरान पुलिस ने क्रेन की मदद से सुबह करीब 6:20 बजे कार को झील से बाहर निकाला. इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस कार्यालय बैदाम में रखा गया है.


पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार अनियंत्रित होने के बाद सड़क से नीचे झील में गिरी. हालांकि, चालक ने किस वजह से वाहन पर नियंत्रण खोया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है.