Bihar News: बिहार के मोतिहारी में एक ठेकेदार ने सरकारी कार्यालय में फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। टेंडर के विवाद को लेकर ठेकेदार की कार्यपालक अभियंता से कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी।



दरअसल, मोतिहारी में ठेकेदारी और टेंडर विवाद को लेकर एक बार फिर विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भवन निर्माण विभाग के कार्यालय में कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार अपने काम में लगे थे। इसी दौरान ठेकेदार सानू पटेल कार्यालय पहुंचे। 



टेंडर को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान ठेकेदार सानू पटेल ने हवाई फायरिंग कर दी, जिससे कार्यालय में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। 



नगर थाना पुलिस का कहना है कि अब तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, हवाई फायरिंग की खबर सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लगातार टेंडर विवाद को लेकर हो रही घटनाओं के बीच अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी