मोतिहारी/पूर्वी चंपारण: बिहार में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जमीन विवाद में न्याय दिलाने की उम्मीद लेकर थाने पहुंची एक महिला को कथित तौर पर ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जिसने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। आरोप है कि जमीन विवाद में मदद करने के नाम पर एक दरोगा ने महिला से पहले 20 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद महिला से रात में थाने आने को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातचीत भी की गई। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


मामला पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाने से जुड़ा है। वायरल ऑडियो में सुगौली थाने में तैनात दरोगा शैलेश कुमार का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस मामले में संबंधित दरोगा का पक्ष सामने आया है।


'एक रात आओ, तुम्हारे पक्ष में हो जाएंगे...'

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही कथित बातचीत की हो रही है। ऑडियो में एक महिला पुलिस अधिकारी से शिकायत करती सुनाई देती है कि सर, आप मेरी तरफ से काम नहीं कर रहे हैं। इस पर दूसरी तरफ से कथित तौर पर जवाब आता है, 'तुम एक रात आओ, हम तुम्हारे तरफ से हो जाएंगे।'


महिला इस बातचीत के दौरान पहले दिए गए पैसों का भी जिक्र करती है। वह कहती है कि सर, अब तक आपको चार हजार रुपये दे चुकी हूं। इस पर दरोगा कथित तौर पर पूछते हैं कि कब दिए हैं? महिला बताती है कि एक बार एक हजार रुपये और दूसरी बार तीन हजार रुपये दिए थे।


इसके बाद दरोगा की तरफ से कथित तौर पर जवाब आता है कि हां, तुम्हारा तो मेरे ऊपर ध्यान ही नहीं रह रहा। वायरल ऑडियो में हुई इस बातचीत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, यह बातचीत किस परिस्थिति में हुई और ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज किसकी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


जमीन से अतिक्रमण हटवाने के लिए लगा रही थी थाने का चक्कर

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव का है। यहां दो पड़ोसियों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद में एक महिला अपनी जमीन से कथित अतिक्रमण हटवाने और पुलिस से मदद लेने के लिए थाने का चक्कर लगा रही थी।


महिला का आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई करने और दूसरे पक्ष के लोगों को जेल भेजने की बात कहकर दरोगा ने उससे 20 हजार रुपये की मांग की थी। महिला का दावा है कि वह दो किस्तों में चार हजार रुपये पहले ही दे चुकी थी। इसके बावजूद उससे बाकी रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था। महिला को उम्मीद थी कि पुलिस उसके जमीन विवाद का समाधान कराएगी, लेकिन वायरल ऑडियो में सामने आई कथित बातचीत ने पूरे मामले को एक अलग ही मोड़ दे दिया है।


जदयू प्रखंड अध्यक्ष ने डीएम को सौंपा आवेदन

ऑडियो वायरल होने के बाद अब इस मामले में राजनीतिक स्तर पर भी कार्रवाई की मांग उठने लगी है। जदयू के सुगौली प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी है।उन्होंने अपने आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।


अब पुलिस प्रशासन की जांच पर टिकी निगाहें

इस कथित ऑडियो ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और आम लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब जमीन विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में लोग न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस के पास पहुंचते हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस प्रशासन वायरल ऑडियो की जांच कराएगा? क्या संबंधित दरोगा से पूछताछ होगी और क्या महिला के लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी?फिलहाल जदयू प्रखंड अध्यक्ष की शिकायत के बाद सबकी निगाहें जिलाधिकारी और पुलिस के वरीय अधिकारियों के अगले कदम पर टिकी हैं। वायरल ऑडियो की सत्यता और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।