मोतिहारी: नगर थाना क्षेत्र के मीना बाजार के पास मंगलवार को जीडी गोयनका स्कूल की बस की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने स्कूल बस में जमकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।


घायल व्यक्ति की पहचान गोपाल साहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जीडी गोयनका स्कूल की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान मीना बाजार के पास गोपाल साहा बस की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल गोपाल साहा को तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।


घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और दुर्घटना को लेकर नाराजगी जताने लगे। आक्रोशित लोगों ने स्कूल बस को रोक लिया और उसके शीशे समेत कई हिस्सों में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।


बस में तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।


पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बस चालक और स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल घायल गोपाल साहा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।