Bihar News: मोतिहारी सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान ऑपरेशन के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया.
मृतका की पहचान चिरैया थाना क्षेत्र के अकौना गांव निवासी इंद्रजीत की पत्नी के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, रविवार को महिला के पेट में तेज दर्द होने के बाद उसे इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल लाया गया था. आशा कार्यकर्ता की सलाह पर परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रसव की स्थिति को देखते हुए आगे का उपचार शुरू किया.
परिजनों के अनुसार, जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ में पल रहे बच्चे ने मल त्याग कर दिया है. डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए तत्काल ऑपरेशन कराने की बात कही. इसके बाद महिला को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया.
ऑपरेशन के बाद नवजात की हालत बिगड़ी
परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत गंभीर बताई गई. नवजात को तत्काल आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी निगरानी की जा रही थी. इसी दौरान महिला की तबीयत भी बिगड़ने लगी. परिजनों के मुताबिक, कुछ ही देर बाद महिला और उसके नवजात बच्चे दोनों की मौत हो गई.
जच्चा-बच्चा की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए. उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों का कहना था कि अगर समय रहते बेहतर इलाज और उचित निगरानी की जाती तो शायद महिला और बच्चे की जान बचाई जा सकती थी.
पहले बच्चे के जन्म से पहले ही छाया मातम
मृतका के पति इंद्रजीत ने बताया कि यह उनके परिवार का पहला बच्चा था. बच्चे के जन्म को लेकर परिवार में खुशी का माहौल था और सभी लोग नए सदस्य के आने का इंतजार कर रहे थे. लेकिन ऑपरेशन के बाद अचानक पत्नी और नवजात की मौत की खबर से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. परिजनों की नाराजगी को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्थिति संभालने का प्रयास किया गया. इसी बीच मामले की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला
सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया. नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया है. परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल महिला और नवजात की मौत को लेकर परिजनों की ओर से लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच का इंतजार है. अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.