Free Night Bus Service: त्योहारों के दौरान देर रात मोतिहारी पहुंचने वाले यात्रियों को अब स्टेशन पर वाहन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोतिहारी पुलिस ने मुफ्त रात्रि बस सेवा शुरू की है. इस सेवा के तहत रात में रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाएगा.


मोतिहारी पुलिस की इस विशेष बस सेवा की शुरुआत एसपी स्वर्ण प्रभात ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर की. यह सेवा रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक संचालित होगी. इसका मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाहर से आने वाले यात्रियों को देर रात सुरक्षित घर पहुंचाना है.


मोतिहारी रेलवे स्टेशन से मिलेगी बस

सेवा शुरू होने के पहले दिन रात 8 बजे ही बसें मोतिहारी रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म पर पहुंच गईं. यहां ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को बस के जरिए उनके घर तक पहुंचाया गया. यात्रियों को किसी तरह का किराया नहीं देना होगा.


पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन पर देर रात यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे समय में ऑटो या दूसरे निजी वाहनों की उपलब्धता कम होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी को देखते हुए पुलिस ने यह व्यवस्था शुरू की है.


रात्रि बस सेवा का एक उद्देश्य यात्रियों को नशाखुरानी और झपटमारी जैसी घटनाओं से सुरक्षित रखना भी है. खासकर रात के समय अकेले या सामान के साथ यात्रा करने वाले लोगों को स्टेशन से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है.


रात करीब 10 बजे नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर बस सेवा की व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत की और पूछताछ काउंटर के जरिए लोगों को मुफ्त बस सेवा की जानकारी दी. यात्रियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए स्टेशन पर लगातार घोषणा भी कराई जा रही थी.


रात्रि बस सेवा का लाभ लेने वाले यात्रियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की. यात्रियों का कहना था कि देर रात ट्रेन से उतरने के बाद ऑटो या दूसरे साधन आसानी से नहीं मिलते थे. ऐसे में घर पहुंचने को लेकर चिंता रहती थी. मुफ्त बस सेवा शुरू होने से अब देर रात स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को सुरक्षित घर जाने में सुविधा मिलेगी.