EAST CHAMPARAN: बिहार में पिछले 10 साल से पूर्ण शराबंदी लागू है, इसके बावजूद ना तो पीने वाले सुधरने का नाम ले रहे हैं और ना ही इसे बेचने वाले शराब तस्कर ही अपनी करतूतों से बाज आ रहे हैं। आए दिन शराब पीने वाले और बेचने वाले भी पकड़े जा रहे हैं लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई से भी धंधेबाजों के मंसूबों पर कोई असर नहीं दिख रहा है। 


ये बेखौफ होकर शराब की तस्करी कर रहे हैं। बताया जाता है कि दूसरे प्रदेशों से बिहार में शराब मंगवाई जा रही है और इसे चोरी छीपे बेची जा रही है, यहां तक की शराब की होम डिलीवरी तक की जा रही है। इसी क्रम में बिहार के पूर्वी चंपारण में शराब की बड़ी खेप जब्त की गई है।  


पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने 250 कार्टन में रखी विभिन्न ब्रांड की कुल 2160 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव स्थित एक बांसवारी में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पूण्यदेव राय की बांसवारी में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। 


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और शराब की खेप बरामद कर ली। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।