MOTIHARI: दशहरा के समापन के साथ ही जगह-जगह रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में मोतिहारी के कोटवा में भी भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यहां 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।
मोतिहारी के कोटवा में दशहरा के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सबसे बड़ा आकर्षण 70 फीट ऊंचा रावण का पुतला रहा। रावण दहन से पहले भगवान श्रीराम और रावण की सेना के बीच युद्ध का मंचन किया गया। राम और रावण की सेना के बीच हुए युद्ध को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।
युद्ध के मंचन के बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। जैसे ही रावण का पुतला आग की लपटों में घिरा, वहां मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ इस दृश्य को देखा।
इस कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु सिंह उर्फ गोपू सिंह की ओर से किया गया था। मौके पर स्थानीय विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह और मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कोटवा में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। रावण दहन के साथ ही लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।