Bihar Crime News: बिहार में बदमाशों का मन इस कदर बढ़ गया है कि कहीं भी और किसी भी वक्त लूट, हत्या और छिनतई जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला मोतिहारी जिले का है, जहां चकिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर जेवर से भरा बैग लूट लिया. घटना के बाद घायल कारोबारी को इलाज के लिए मोतिहारी के रहमानिया मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है.
घटना बासघाट के पास की है. घायल कारोबारी की पहचान बासघाट निवासी अवध किशोर साह के 28 वर्षीय बेटे सुजीत कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सुजीत कुमार भूअन छपरा स्थित अपनी दुकान बंद करने के बाद जेवर से भरा बैग लेकर बाइक से घर लौट रहे थे.
बताया जा रहा है कि बासघाट से करीब आधा किलोमीटर पहले एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने उनसे जेवर से भरा बैग छीनने की कोशिश की. सुजीत कुमार ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. गोली लगने के बाद बदमाश जेवर से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए.
बदमाशों की गोली से सुजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि सुजीत के बैग में करीब 300 ग्राम सोने और 4 किलो चांदी के जेवर थे. लूटे गए जेवरों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
वारदात की सूचना मिलने के बाद चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
चकिया थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है.