Bihar News: बिहार के मोतिहारी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक बार फिर भीषण आग का तांडव देखने को मिला है। ढाका थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से लगी भीषण आग में एक मासूम बच्चा, दो महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी संदेश महतो के घर खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर लीक होने लगा, जिसके बाद आग भड़क उठी। सबसे पहले खाना बना रही महिला आग की चपेट में आ गई। महिला को बचाने के प्रयास में घर के अन्य लोग भी एक-एक कर आग की लपटों में घिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल ढाका पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां सभी का इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी