MOTIHARI: मोतिहारी के इंजीनियरिंग कॉलेज में सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। कॉलेज परिसर में दोनों बैच के छात्र आपस में भिड़ गए और जमकर हंगामा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
दरअसल, इंजीनियरिंग कॉलेज में 2025 बैच और 2026 बैच के छात्रों के बीच पटाखा बजाने को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसको लेकर देर रात से ही दोनों बैच के बीच तनातनी थी। अगले दिन एक बार फिर इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते सीनियर और जूनियर छात्र आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इससे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। मामले को लेकर प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पटाखा फोड़ने को लेकर सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज में रैगिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर रैगिंग की शिकायत मिलती है तो संबंधित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जूनियर बैच के छात्रों को दी गई छुट्टी
वहीं, कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि परिसर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए 2026 बैच के छात्रों को छुट्टी दे दी गई है। इसके साथ ही सीनियर बैच के छात्रों को भी हिदायत दी गई है कि वे किसी तरह का विवाद न करें और कॉलेज का माहौल शांत बनाए रखें।
फिलहाल पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है। कॉलेज प्रशासन भी दोनों बैच के बीच विवाद दोबारा न हो, इसके लिए सतर्कता बरत रहा है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट