Bihar Crime News: मोतिहारी में दशहरा मेला से घर लौट रहे एक दंपति के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. आरोप है कि सुनसान रास्ते में युवकों ने दंपति को रोक लिया और पति के साथ मारपीट करने के बाद महिला को जबरन बगीचे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
घटना 18 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है. मामला मधुबन थाना क्षेत्र से जुड़ा है. मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण पांडे के अनुसार, युवकों ने महिला को जबरन मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया सरेह स्थित एक बगीचे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. यह जगह श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र के लालगढ़ जिम्मी सिंह टोला के पास स्थित है.
जानकारी के अनुसार, दंपति दशहरा मेला देखने के बाद घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में युवकों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि बदमाशों ने पहले महिला के पति के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया. इसके बाद महिला को जबरन अपने साथ बगीचे की ओर ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की. पुलिस की कार्रवाई में 8 आरोपी पकड़े गए. गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. इनमें पीड़िता के पति से छीना गया मोबाइल फोन भी शामिल है.
पीड़िता के बयान पर दर्ज हुआ मामला
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण भी कराया है. पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंबिकेश तिवारी (38), रिकी कुमार (19), अंकुश कुमार (19), राहुल कुमार (19), कंचन कुमार (18), मुन्ना कुमार (18), रणधीर कुमार (20) और अमित कुमार (18) के रूप में हुई है. सभी आरोपी शिवहर जिले के श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र के लालगढ़ जिम्मी सिंह टोला के रहने वाले बताए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को घटना की सूचना मिलने के बाद की गई छापेमारी में गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.