Bihar News: मोतिहारी ढाका नगर परिषद के वार्ड संख्या-21 स्थित पीएचईडी विभाग की पानी टंकी पर शुक्रवार को एक युवक के चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक करीब चार घंटे तक टंकी पर डटा रहा और ढक्कन खोलकर अंदर बनी सीढ़ी से नीचे उतरकर बैठ गया, जिससे उसे सुरक्षित बाहर निकालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने युवक को पानी टंकी के ऊपर बेखौफ घूमते देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और टंकी के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही ढाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम विजय कुमार और एसडीपीओ अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक युवक को मनाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान युवक टंकी का ढक्कन खोलकर अंदर उतर गया। टंकी के भीतर अंधेरा होने के कारण उसकी गतिविधियों पर नजर रखना भी मुश्किल हो गया। बाद में नगर के दो युवक टंकी पर चढ़े और अंदर बैठे युवक की स्थिति की जानकारी दी।
इसके बाद रस्सी मंगाकर चार अन्य लोग भी ऊपर पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। बताया जाता है कि युवक टंकी के अंदर शर्ट उतारकर बैठा था और किसी की बात मानने को तैयार नहीं था। लोगों ने आशंका जताई कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है। इसके बाद चार पुलिसकर्मी और चार अन्य लोग डंडे व रस्सी के साथ टंकी के ऊपर पहुंचे, लेकिन टंकी के अंदर अत्यधिक अंधेरा, गर्मी और उमस के कारण उन्हें भी सफलता नहीं मिल सकी।
काफी मशक्कत के बावजूद युवक को नीचे नहीं उतारा जा सका। अंधेरा होने के बाद राहत अभियान रोक दिया गया और अधिकारी वापस लौट गए। गौरतलब है कि जिस पानी टंकी पर यह घटना हुई, उससे पिछले करीब छह माह से जलापूर्ति भी बंद है। युवक के टंकी पर चढ़ने की घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी रही और करीब चार घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी