मोतिहारी (पूर्वी चंपारण): छठ महापर्व का उत्साह धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है और मिठाई, दूध, पनीर समेत खाद्य सामग्रियों की मांग भी बढ़ने लगी है। लेकिन त्योहार की आड़ में अगर कोई दुकानदार लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा तो अब उसकी खैर नहीं। मोतिहारी जिला प्रशासन ने ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में शहर में अचानक छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें KFC, डोमिनोज, पिज्जा हट और ब्लिंकिट जैसी दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ दुकानों में गड़बड़ियां मिलने पर प्रशासन ने मौके पर ही जुर्माना लगा दिया।
छठ से पहले प्रशासन की सख्ती, बड़े ब्रांड भी जांच के दायरे में
दरअसल, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान बाजारों में खाद्य पदार्थों की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ जाती है। खासकर मिठाई, दूध और पनीर की खपत में भारी इजाफा होता है। ऐसे में ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में कुछ दुकानदार मिलावटी या नकली खाद्य सामग्री बेचने की कोशिश करते हैं। इसी आशंका को देखते हुए मोतिहारी जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा और दुकानों की व्यवस्था को लेकर निगरानी तेज कर दी है।
डीएम और एसपी के निर्देश पर सदर एसडीओ अरुण कुमार के नेतृत्व में शहर की अलग-अलग दुकानों में छापेमारी की गई। इस अभियान में बड़े ब्रांड के आउटलेट भी प्रशासन की जांच के दायरे में आए। KFC, डोमिनोज, पिज्जा हट और ब्लिंकिट जैसी दुकानों पर अधिकारियों की टीम पहुंची और वहां उपलब्ध खाद्य सामग्री के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया।
KFC और डोमिनोज में मिली गंदगी, मौके पर ही लगा जुर्माना
छापेमारी के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा KFC और डोमिनोज में मिली साफ-सफाई की कमियों को लेकर रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने जब दुकानों की व्यवस्था की जांच की तो वहां साफ-सफाई में लापरवाही सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने दोनों दुकानों पर जुर्माना लगाया। साथ ही संचालकों को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सदर एसडीओ अरुण कुमार ने स्पष्ट कहा कि दुकानदारों को ग्राहकों की सेहत और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करना चाहिए। खाद्य सामग्री बेचने वाले हर दुकानदार की जिम्मेदारी है कि वह साफ-सफाई और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर दोबारा ऐसी गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित दुकानों के खिलाफ इससे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिठाई दुकानों में नकली मिठाई की सूचना, प्रशासन अलर्ट
छापेमारी के दौरान शहर की कुछ मिठाई दुकानों को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। प्रशासन को सूचना मिली है कि कई दुकानों में डुप्लीकेट मिठाई की आपूर्ति की जा रही है। फिलहाल इन सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
दरअसल, छठ और दीपावली के मौके पर मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है। बाजार में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कुछ कारोबारी बाहर से दूध और पनीर की खेप मंगाते हैं। ऐसे में नकली दूध और मिलावटी पनीर की आपूर्ति की आशंका भी बढ़ जाती है। प्रशासन इसी तरह की गतिविधियों पर नजर रख रहा है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थ न खरीदने पड़ें।
छठ तक जारी रहेगा छापेमारी अभियान
सदर एसडीओ अरुण कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि मोतिहारी के लोगों की जिंदगी से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। जो भी दुकानदार नकली या मिलावटी सामान बेचते पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत भी दी।
इस छापेमारी अभियान में प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका, अभिषेक कुमार, बीडीओ, सीओ और नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग दुकानों की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यानी आने वाले दिनों में शहर की मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की नजर बनी रहेगी।
अब सवाल यह है कि त्योहार के मौसम में मुनाफे के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों पर प्रशासन की यह सख्ती कितनी असरदार साबित होगी? फिलहाल मोतिहारी में छापेमारी ने दुकानदारों के बीच हड़कंप जरूर मचा दिया है।
रिपोर्ट: सोहराब आलम | पूर्वी चंपारण